बेगूसराय के छौड़ाही थाना क्षेत्र के शाहपुर वार्ड नंबर-तीन में रविवार की देर रात असामाजिक तत्वों की ओर से काली मंदिर में क्षतिग्रस्त किए गए प्रतिमाओं के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ग्रामीणों द्वारा इसका पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात है। उल्लेखनीय है कि शाहपुर में पाचू महतो द्वारा अपने निजी जमीन पर काली मंदिर बनाया गया है। ज्योति देवी मंदिर की पुजारी है। रविवार की रात मंदिर में स्थापित प्रतिमा को निशाना बनाते हुए उपद्रव किया गया। बदमाशों ने निजी जमीन पर बने इस मंदिर में तोड़फोड़ कर कई प्रतिमा को खंडित कर दिया। रविवार की देर रात उपद्रवियों ने मंदिर में की थी तोड़फोड़ उपद्रवी देर रात मंदिर परिसर में घुसे और सबसे पहले काली माता की विराजमान प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ की। इसके बाद मंदिर में स्थापित काली माता के दूसरे स्वरूप की प्रतिमा का सिर खंडित कर दिया गया। मंदिर में रखे दान पेटी को तोड़कर उसमें मौजूद नकदी, काली माता के आभूषण एवं अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली गई। घटना के दौरान उपद्रवियों ने मंदिर के स्टोर रूम में आग भी लगा दी, जिससे वहां रखा करीब एक लाख रुपए मूल्य का पूजन सामग्री, कपड़ा, बर्तन एवं अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। सुबह में घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। अनहोनी की आशंका पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात मंझौल एसडीओ, मंझौल डीएसपी, छौड़ाही के सीओ एवं छौड़ाही थाना की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा ले रही है। किसी तरह की अनहोनी की आशंका के मद्देनजर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है तथा घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी मनीष ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जल्द उपद्रवियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। इसके बाद मंगलवार को ग्रामीणों के सहयोग से क्षतिग्रस्त प्रतिमाओं के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल तैनात है। प्रशासन द्वारा लोगों से शांति रखने की अपील की गई है। एसपी मनीष ने बताया कि मां काली का मंदिर पाचू महतो ने अपने पुश्तैनी जमीन में बनवाया गया था। बदमाशों ने मां काली की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया गया एवं बगल में बनी झोपड़ी को जला दिया गया है। मंझौल डीएसपी एवं छौड़ाही थाना की पुलिस घटना के सभी पहलुओं पर जांच और आगे की कार्रवाई कर रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.