बठिंडा के गोनियाना नेहियांवाला थाना क्षेत्र के खियालीवाला गांव में एक अमृतधारी सिख प्रचारक पर हमला कर उसके बाल और दाढ़ी काटने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर मारपीट और कैची से हमला किया गया। पीड़ित प्रचारक रघवीर सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस संबंध में तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। रघवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई। वह अपने घर में चल रहे काम के लिए गांव के राजमिस्त्री अमरजीत सिंह को बुलाने उनके घर गए थे। इसी दौरान गांव के हरदीप सिंह और जसवंत सिंह वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उनकी पगड़ी उतार दी और कैंची से उनके बाल और दाढ़ी काट दी। जब रघवीर सिंह और मिस्त्री अमरजीत सिंह ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर कैंची से हमला किया और मारपीट कर मौके से फरार हो गए। हमले के बाद रघवीर सिंह को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। तीन के खिलाफ नामजद केस दर्ज नेहियांवाला पुलिस थाना प्रभारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पीड़ित के बयानों के आधार पर खियालीवाला गांव के हरदीप सिंह, जसवंत सिंह और अमृतपाल सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 351(2), 115(2) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना की निंदा इस घटना की निंदा करते हुए मशहूर सिख प्रचारक पंथप्रीत सिंह खालसा और हरदीप सिंह ने कहा कि अमृतधारी सिखों द्वारा ऐसी घटना को अंजाम देना पंजाब की धार्मिक और सामाजिक परंपरा के खिलाफ है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.