बठिंडा के नरूआणा-बीड़ रोड इलाके में प्लॉट की निशानदेही को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी हुई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल बठिंडा में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, यह विवाद जालंधर सिंह और रणजीत कौर के बीच प्लॉट की निशानदेही को लेकर काफी समय से चल रहा था। इसी सिलसिले में दोनों पक्ष नरूआणा रोड क्षेत्र में आमने-सामने आ गए। शुरुआती कहासुनी जल्द ही झगड़े में बदल गई। कहासुनी के बाद बढ़ा विवाद पुलिस ने बताया कि जालंधर सिंह की ओर से लाल सिंह और हरप्रीत सिंह मौके पर मौजूद थे, जबकि रणजीत कौर की तरफ से दिलप्रीत नरूआणा वहां पहुंचा था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दिलप्रीत नरूआणा ने फायरिंग की, जिसमें लाल सिंह और हरप्रीत सिंह गोली लगने से घायल हो गए। गोलीबारी की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई है। पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी डीएसपी देहाती संदीप भाटी ने जानकारी दी कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि फायरिंग लाइसेंसी हथियार से की गई थी या इसमें अवैध हथियार का इस्तेमाल हुआ है। इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.