पंजाब के बठिंडा में लिव-इन प्रेमिका के भाई ने विरोध किया तो प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी। परिजनों को उसकी मौत हादसा बताई गई। कहा गया कि उसकी कार नहर में गिर गई थी और वह किसी तरह बचकर निकल आया, लेकिन कार ने ही उसकी पोल खोल दी। पुलिस ने प्रेमी और उसके जीजा को गिरफ्तार कर लिया है। बठिंडा की नेशनल कॉलोनी के पास नहर में लापता हुए रामकिशन हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, रामकिशन की हत्या उसके बहनोई सुखबीर सिंह और उसके जीजा गुरप्रीत सिंह ने मिलकर की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बहन के लिव-इन में रहने का करता था विरोध एसपी सिटी नरेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि सुखबीर सिंह मृतक रामकिशन की बहन रमनदीप कौर के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। रामकिशन इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था। इसके कारण दोनों के बीच कई बार कहासुनी हुई थी। पुलिस का मानना है कि इसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई। पहले शराब पिलाई, फिर हत्या कर नहर में फेंका जांच में सामने आया कि आरोपियों ने रामकिशन को बहाने से अपने साथ ले जाकर उसे शराब पिलाई। इसके बाद उसे कार में नहर किनारे ले जाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को दुर्घटना दिखाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया गया। फिर रची दुर्घटना की कहानी आरोपियों ने इस हत्या को हादसा दिखाने के लिए कहानी बनाई। उन्होंने परिवार और पुलिस को बताया कि उनकी कार नहर में गिर गई थी और वे किसी तरह बाहर निकल आए, जबकि रामकिशन लापता हो गया। इसके बाद नहर में उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की तो नई कहानी सामने आई। टूटी कार ने बदली जांच की दिशा पुलिस ने जांच हादसे के आधार पर शुरू की, लेकिन जिस कार से हादसे की बात कही गई थी, उसी ने जांच की दिशा बदल दी। पुलिस को कार नहर में नहीं, बल्कि किनारे सड़क पर एक तरफ से क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। इस स्थिति ने पुलिस को संदेह में डाल दिया और जांच की दिशा बदल गई। एसपी सिटी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सुखबीर सिंह और गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। शव की तलाश के लिए एनडीआरएफ की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य सबूतों के आधार पर मामले को मजबूत कर रही है। शव बरामद होने के बाद घटनाक्रम की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.