बठिंडा जिले के गांव भागू में एक आठ साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद बच्ची को बठिंडा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची को शरीर पर 40 से अधिक जगहों पर काटा गया है। गंभीर चोटों के कारण वह न तो ठीक से खा पा रही है और न ही सो पा रही है। बच्ची की मां करमजीत कौर ने बताया कि यह घटना तब हुई जब उनकी बेटी घर के बाहर खेल रही थी। कुत्तों के एक झुंड ने उसे खींचकर पास के खेत में ले जाकर हमला कर दिया। बच्ची की चीखें सुनकर मां और पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर उसे कुत्तों से छुड़ाया। करमजीत कौर ने यह भी बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या बहुत अधिक है। इस संबंध में पंचायत को कई बार सूचित किया गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बच्चे इन कुत्तों का शिकार बन चुके हैं। सामाजिक कार्यकर्ता गुरजंट सिंह ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आवारा कुत्ते आए दिन बच्चों को अपना निशाना बना रहे हैं। जिससे गांव में कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं करता।गांव के एक अन्य निवासी सैमी ने बताया कि यह गांव में आवारा कुत्तों द्वारा हमले की पहली घटना नहीं है। उन्होंने कहा कि बच्चे स्कूल जाते समय भी सुरक्षित नहीं हैं और इस समस्या पर न तो सरकार और न ही प्रशासन ध्यान दे रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.