बड़वानी जिले के वरला थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज पिकअप लूट की वारदात का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया है। घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई सामग्री बरामद की गई। वाहन ग्राम वाक्या के जंगल में जर्जर हालत में मिला था। मामले में दो आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक 2 फरवरी को उदलसिंह पिता तेजराम चौधरी (37) निवासी मवई जिला जालौन उत्तरप्रदेश ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 31 जनवरी को वह मुंबई कांदावली नयागांव से नई पिकअप मैक्स वाहन लेकर बनारस जा रहा था। नासिक से तीन व्यक्तियों को बड़वानी जिले के सेंधवा तक 200 रुपये प्रति व्यक्ति किराया पर बैठाया गया था।
आरोपियों ने टोल टेक्स बचाने की बात कहकर वाहन को पलासनेर से सोलवन-मालवन मार्ग पर ले जाकर सोलवन के पास इमली घाटी पुलिया पर रोक दिया। वहां एक अन्य साथी को बुलाकर रास्ता रोककर छीनाझपटी की गई और नया पिकअप वाहन व मोबाइल छीनकर आरोपी फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- अस्पताल में नर्स की गोलियों से भूनकर हत्या मामले में मौसेरे भाई पर आरोप, परिजनों ने हाईवे किया जाम
सायबर सेल से मिले सुराग, जंगल से मिला वाहन
घटना के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज किया। प्रभारी पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर के निर्देश पर एसडीओपी अजय वाघमारे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नारायण रावल के नेतृत्व में टीम बनाई गई। सायबर सेल बड़वानी व सेंधवा की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान लूटा गया पिकअप वाहन ग्राम वाक्या के जंगल में पहाड़ी पर जर्जर हालत में मिला। वाहन से 5 टायर, स्टेयरिंग, बैटरी और लाइट निकाल ली गई थी।
तीन आरोपी पकड़े गए, दो फरार
4 फरवरी बुधवार को मुखबिर सूचना पर सागर पिता सुभान मोरे (22) निवासी मोहाला को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने खजान पिता दितला भिलाला, सुनील पिता रिछा भिलाला, निहाल पिता रिछा और रविन्द्र पिता टेटा के नाम बताए। पुलिस ने खजान (25) और सुनील (20) को भी गिरफ्तार कर टायर, स्टेयरिंग, बैटरी, हेडलाइट, चाबी और मोबाइल सहित सामग्री जब्त की। निहाल और रविन्द्र फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.