बरनाला जिले के ठीकरीवाला गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। युवक का शव कार से बरामद हुआ। यह घटना गांव ठीकरीवाल से बरनाला जाने वाली सड़क पर ड्रेन पुल के पास हुई, जहां एक खड़ी कार में युवक मृत पाया गया। सूचना मिलने पर लोगों और पुलिस द्वारा युवक के शव को सिविल अस्पताल ले जाया गया। थाना सदर बरनाला के प्रमुख इंस्पेक्टर जगजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ड्रेन पुल के पास एक कार काफी समय से खड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार का निरीक्षण किया। कार के अंदर एक युवक की लाश मिली। दम घुटने से मौत होने की आशंका मृतक की पहचान ठीकरीवाला निवासी प्रदीप सिंह पुत्र चमकौर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक कार के अंदर बैठा था और कार की खिड़कियां बंद थीं। शुरुआती जानकारी के आधार पर दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि, कार काफी देर से वहीं खड़ी थी। शक होने पर लोगों ने कार के अंदर देखा तो युवक बेहोश मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को मौके पर बुलाया। पहचान के बाद परिजनों ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.