जसपाल सिंह उर्फ अंकुश, मृतक की फाइल फोटो।
बरनाला जिले में एक लड़के को पहले पार्टी के बहाने बुलाया, फिर पीट-पीटकर हत्या कर दी। उसे सिर को सड़क पर पटका और फिर वाहन से कुचल दिया। पुलिस ने इस मामले में मंगलवार को 6 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस स्टेशन सिटी-2 के एसएचओ चरणजीत सिंह के मुताबिक, घटना कल की है। मृतक की पहचान जसपाल सिंह उर्फ अंकुश (17) के नाम से हुई। शिकायतकर्ता अर्शदीप कौर ने पुलिस को बताया कि उसका भाई जसपाल सिंह शाम करीब 6:30 बजे घर पर था।
इसी दौरान, आरोपी लवप्रीत शर्मा (निवासी चीमा), गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी (निवासी धुरी), हरप्रीत सिंह उर्फ फतेह (निवासी बरनाला), अमरिक सिंह (निवासी जालंधर), गौरव कुमार (निवासी पत्ती रोड बरनाला) और बरिंदर सिंह (निवासी सोहल पत्ती बरनाला) उसके घर आए। वे जसपाल को पार्टी के बहाने अपने साथ ले गए।
कुछ देर बाद, जसपाल ने अपनी बहन को फोन कर बताया कि बरनाला के बियर टाउन में कुछ लोग उसे पीट रहे हैं। जब अर्शदीप कौर बियर टाउन पहुंची, तो उसने देखा कि कुछ लोग उसके भाई को पीट रहे थे। जसपाल उनसे बचकर आईटीआई चौक बरनाला की ओर भागा।
सिर सड़क पर पटका, वाहन से कुचला
सड़क किनारे कुछ लोगों ने उसे दोबारा पकड़ लिया। अर्शदीप कौर जब उसे बचाने पहुंची, तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से जसपाल का सिर सड़क पर पटक दिया। इसके बाद, जब वह नीचे गिरा, तो एक अज्ञात वाहन उसे कुचलकर भाग गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की जांच कर रही पुलिस
पुलिस ने इस मामले में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ चरणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.