बाड़मेर जिले की रामसर पंचायत समिति की साधारण सभा चल रही थी। इस दौरान शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी और पंचायत समिति के बीडीओ विक्रम जांगीड़ के बीच स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों को लेकर तीखी बहस हो गई। बैठक के दौरान विधायक भाटी ने समिति क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत में चल रहे सफाई अभियान, उनके भुगतान, टेंडर प्रक्रिया और खर्चों का पूरा रिकॉर्ड मांगा।
इस पर बीडीओ विक्रम जांगीड़ ने कहा कि यदि पहले से सूचित किया जाता तो सभी दस्तावेज और रिकॉर्ड साथ लाए जा सकते थे। उन्होंने बताया कि शनिवार अवकाश दिवस होने के कारण अकाउंटेंट छुट्टी पर है, इसलिए तत्काल रिकॉर्ड उपलब्ध कराना संभव नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी विवरण आगे उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
विधायक भाटी इस जवाब से असंतुष्ट दिखे। उन्होंने कहा कि छुट्टी का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा, क्योंकि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्लैगशिप योजना है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या बंदर बांट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बीडीओ ने सफाई अभियान का मामला एजेंडा में शामिल नहीं किया, जबकि यह जनता से सीधे जुड़ा मुद्दा है और पंचायत समिति की जवाबदेही के दायरे में आता है। भाटी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जवाब आपको देना ही पड़ेगा। इस बहस के बाद दोनों के बीच माहौल गर्म हो गया और सभा में मौजूद सदस्यों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। घटना के बाद यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: मांस से भरे दो कंटेनर पकड़े, FSL टीम और डॉक्टर कर रहे जांच; गोरक्षक-हिंदू संगठनों के जुटने से तनाव
वहीं, मीडिया से बातचीत में विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता पर हम विशेष रूप से जोर दे रहे हैं। भाटी ने स्वच्छता के फंड में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता के साथ यह धोखा कौन कर रहा है यह बात बड़ी चीज है। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी जैसे मूलभूत सुविधाएं लोगों को मिलें, इसके लिए लगातार प्रयासरत हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.