Barmer News: बाड़मेर की लोक अदालत में तलाक के केस में पहुंचे पति-पत्नी ने 7 साल बाद अचानक फैसला बदलकर कोर्ट परिसर में एक-दूसरे को वरमाला पहनाई. रूपाराम और रूपा देवी 2013 में शादी के बाद 2020 से अलग रह रहे थे. उनके बीच तलाक, भरण-पोषण और मारपीट जैसे कई विवाद अदालत तक पहुंचे थे. दोनों प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं. जिला मुख्यालय की लोक अदालत में यह समझौता कर दोनों ने अपने बच्चों के साथ घर लौटकर रिश्ते को नई दिशा दी.
पति-पत्नी ने कहा कि कई सालों के अलगाव और विवाद के बाद उन्होंने समझा कि जिंदगी में आपसी समझ और साथ का महत्व सबसे बड़ा है. कोर्ट परिसर में ही यह निर्णय लेने से यह मामला समाप्त हुआ और दोनों के बीच पुराने मतभेद भी खत्म हो गए. लोक अदालत के अधिकारियों ने इसे खुशी और आश्चर्यजनक पल बताया.
2013 में शादी, 2020 से चल रहा विवाद
बाड़मेर शहर के बलदेव नगर निवासी रुपाराम पुत्र राम कुमार प्रजापत की शादी वर्ष 2013 में रूपा देवी निवासी धोरीमन्ना के साथ हुई थी. शादी के कुछ साल बाद दोनों के रिश्ते में मनमुटाव बढ़ गया और वर्ष 2020 से दोनों अलग-अलग रहने लगे. समय के साथ दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पति-पत्नी के बीच तलाक, भरण-पोषण और मारपीट जैसे कई मामले अदालत तक पहुंच गए.
दोनों करते है प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी
शादी के बाद दो बच्चे हुए जिसमें बड़ा लड़का बसंत 12 साल का है और लड़की आरती 7 साल की है. इस दौरान बीच में एक-दूसरे के बीच गलतफहमियों की वजह से विवाद हो गया और विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों 2020 से अलग-अलग रह रहे थे. रूपाराम के मुताबिक उन्होंने इंजीनियरिंग और पीजी डिग्री कर रखी है. अभी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है जबकि पत्नी रूपा देवी हिंदी और हिस्ट्री में एमए बीएड की हुई है. फिलहाल कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रही है.
कोर्ट में एक दूसरे को पहनाई वरमाला
शनिवार को बाड़मेर जिला मुख्यालय पर आयोजित लोक अदालत से प्रेरित होकर इन दोनों ने आपस में समझौता कर लिया है. कोर्ट में ही मजिस्ट्रेट के सामने पति-पत्नी ने एक दूसरे को माला पहनाई और बच्चों के साथ हंसी खुशी अपने घर लौटे है. एक बार फिर लोक अदालत ने 7 साल से कोर्ट के चक्कर काट रहे पति-पत्नी का परिवार टूटने से बचाया है.
About the Author
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से News18 हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.