पिथौरागढ़ में पांच दिन काम और दो दिन आराम की मांग पर बैंक कर्मियों ने हड़ताल करते हुए प्रदर्शन किया। बैंकों में हड़ताल से कामकाज ठप रहा जिससे 40 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ। बैंक कर्मियों की हड़ताल से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो दिन बाद बैंक खुलने से लोग नकदी के लिए बैंकों में पहुंचे लेकिन निराश होकर लौटना पड़ा।
जिलेभर में संचालित एसबीआई, पीएनबी, ग्रामीण सहित अन्य बैंकों और इनकी शाखाओं में तैनात कर्मी कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल पर रहे। बैंक कर्मियों ने सप्ताह में पांच दिन काम की मांग पर जगह-जगह प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय में विभिन्न बैंकों के कर्मियों ने एसबीआई की मुख्य शाखा सिमलगैर से नगर में रैली निकाली।
उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय कार्य को लागू करने की मांग पर पूर्व में यूनाइटेड फोरम ऑफ यूनियन ने मुख्य श्रम आयुक्त को ज्ञापन दिया था। इसके बाद भी सरकार और बैंक प्रबंधन ने इस पर निर्णय नहीं लिया है। उन्होंने कहा कि अब निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। यदि जल्द उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार शुरू कर देंगे। प्रदर्शन करने वालों में भरत सिंह दिगारी, चयन पुनेठा, राजेंद्र सिंह धामी, पियूष जोशी, नरेंद्र सिंह मौनी, महेश भट्ट, प्रकाश पंत, विक्की सामंत आदि शामिल रहे।
इधर दो दिन के अवकाश के बाद बैंक खुलने से लोग बड़ी संख्या में लेनदेन के लिए बैंकों में पहुंचे थे लेकिन बैंकों पर ताले लटकने से उपभोक्ताओं को निराश होकर लौटना पड़ा। उपभोक्ताओं को धन न मिलने से जिला मुख्यालय के साथ ही कनालीछीना, बेड़ीनाग, गंगोलीहाट, धारचूला सहित अन्य हिस्सों में व्यापार प्रभावित रहा और कारोबारियों को नुकसान झेलना पड़ा।
बैंक कर्मियों की हड़ताल से जिलेभर में 40 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। कर्मियों के हड़ताल से लौटने पर व्यवस्था पटरी पर आएगी। – एनआर जौहरी, लीड बैंक अधिकारी, पिथौरागढ़
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.