बलौदाबाजार में सोमवार को जिला ऑडिटोरियम में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी मुख्य अतिथि और मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम के दौरान 61 युवाओं को रोजगार नियोजन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही जिले की नवनियुक्त महिला आरक्षकों और खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। वित्त मंत्री ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर आईएएस बनने तक की जीवन यात्रा का अनुभव साझा किया। ओपी चौधरी ने बताया कि कठिन परिस्थितियां और अभाव भी लक्ष्य हासिल करने में बाधा नहीं बनते, यदि मन में ठान लिया जाए। युवा परिवर्तन के वाहक होते हैं। किसी भी क्षेत्र में काम करने का जुनून हो, तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता बढ़ाने व भविष्य की स्पष्ट योजना बनाने की बात कही। डिग्री नहीं, लक्ष्य के लिए पढ़ाई जरूरी वित्त मंत्री ने युवाओं से केवल डिग्री के लिए पढ़ाई न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई को जीवन की योजना से जोड़ना चाहिए, ताकि अवसर को सफलता में बदला जा सके। आज का भारत संभावनाओं से भरा हुआ है। केवल सरकारी नौकरी ही बेहतर जीवन व समाज सेवा का साधन नहीं है। खेल व निजी क्षेत्र में भी असीम संभावनाएं मौजूद हैं। 2047 तक भारत बनेगा 30-40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था वित्त मंत्री ने कहा कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। देश 2047 तक 30-40 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन को पूरा करने का आह्वान किया। केंद्रीय बजट को बताया संतुलित वित्त मंत्री ने कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में रेयर अर्थ, एआई, रेलवे, आयुष, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों पर फोकस किया गया है। उन्होंने इसे संतुलित बजट बताया। युवाओं की जिज्ञासाओं का किया समाधान कार्यक्रम के दौरान युवाओं के सवालों का जवाब देकर उनकी जिज्ञासाएं शांत की गईं। वित्त मंत्री ने “हम होंगे कामयाब” योजना के तहत कौशल विकास व रोजगार नियोजन की सराहना की। राजस्व मंत्री ने बजट को बताया गेम चेंजर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि युवा संवाद कार्यक्रम में केंद्रीय बजट व युवाओं के भविष्य निर्माण पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल 2026-27 की योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। युवा शक्ति देश को आगे बढ़ाएगी राजस्व मंत्री ने कहा कि देश युवा शक्ति के साथ आगे बढ़ रहा है। युवा शक्ति इंजन की तरह देश को आगे ले जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में यह बजट युवाओं के लिए गेम चेंजर साबित होगा। महिला आरक्षक-खिलाड़ियों का हुआ सम्मान कार्यक्रम में जिले की नवनियुक्त 10 महिला आरक्षकों को सम्मानित किया गया। मल्लखंब के 3 खिलाड़ियों व क्रिकेट के 2 खिलाड़ियों को भी सम्मान दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.