बलौदाबाजार जिले में सोमवार को दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। पहली घटना में पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम ससहा में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि दूसरी घटना में सिरपुर मेला से लौट रहे एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। ग्राम ससहा निवासी 35 वर्षीय जमुना साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोपहर करीब 3 बजे हुई इस घटना की सूचना पर पलारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दो बच्चों की मां जमुना ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह किया जाएगा। दूसरी घटना ग्राम गिधपुरी निवासी 16 वर्षीय मेघराज साहू, पुत्र वीरेंद्र साहू, से संबंधित है। वह अपने दोस्तों के साथ सिरपुर मेला घूमने गया था। शाम करीब 8 बजे जब वह रिश्तेदार की बाइक से वापस गांव लौट रहा था, तभी चिखली के पास उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसके दोस्त पीलेश्वर दीवान उसे गिधपुरी अस्पताल ले गए, लेकिन रात होने के कारण अस्पताल बंद था। इसके बाद दोस्त घायल मेघराज को उसके घर ले गया। परिजन उसे तुरंत पलारी अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया। बताया गया है कि मेघराज अपने सात-आठ दोस्तों के साथ मेला देखने गया था। चूंकि यह हादसा आरंग थाना क्षेत्र में हुआ, इसलिए मामले को आरंग पुलिस को स्थानांतरित किया जाएगा। डॉ. बीएस ध्रुव ने पोस्टमार्टम किया और सिर व चेहरे पर लगी गहरी चोटों को मौत का कारण बताया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.