वायु गुणवत्ता सूचकांक एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। बीते शुक्रवार को जहां बल्लभगढ़ का एक्यूआई 197 दर्ज किया गया था, वहीं शनिवार को यह बढ़कर 320 हो गया। महज एक दिन में 100 से अधिक अंक की बढ़ोतरी ने क्षेत्रवासियों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं फरीदाबाद शहर का एक्यूआई 160 रिकॉर्ड किया गया, जो मध्यम श्रेणी में माना जा रहा है।
प्रदूषण के इस बढ़ते स्तर से बल्लभगढ़ ने गुरुग्राम, ग्रेटर नोएडा और दिल्ली जैसे बड़े शहरों को भी पीछे छोड़ दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदूषण कम करने के लिए प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं। उद्योगों से निकलने वाला धुआं और सड़कों पर उड़ती धूल मुख्य कारण बने हुए हैं। इसके बावजूद इन पर रोक लगाने के लिए कोई ठोस कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है।
प्रदूषण बढ़ने से लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत, खांसी-जुकाम और गले में खराश जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों की सलाह है कि बच्चे, बुजुर्ग और पहले से बीमार लोग बाहर निकलने से बचें और मास्क का प्रयोग करें।
धूप बढ़ा रही पारा
मौसम में भी तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप निकलने के कारण तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार जिले का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में शुक्रवार की तुलना में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.