हाथरस जिले में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत शत-प्रतिशत पात्र परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच प्रदान करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कमर कस ली है। विभाग ने अगले दो दिनों के भीतर जिले के शेष 20 हजार परिवारों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
योजना के तहत जिले में कुल 1.33 लाख परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य है, जिनमें से अधिकांश को कवर किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयार किए गए विशेष रोड मैप के अनुसार आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और पंचायत सहायकों की टीम घर-घर जाकर सर्वे करेगी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों की पहचान करना है, जो पात्रता के दायरे में तो आते हैं, लेकिन अभी तक उनका आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि दो दिनों के इस सघन अभियान के दौरान छूटे हुए परिवारों का डेटा पोर्टल पर अपडेट किया जाएगा।
सीएमओ डाॅ. राजीव रॉय ने सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपनी निगरानी में टीमों से फील्ड वर्क कराएं और चिह्नित परिवारों की स्क्रीनिंग कराई जाए। स्क्रीनिंग के बाद तत्काल कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे रैंकिंग में आई गिरावट को सही किया जा सके।
हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र परिवार इस योजना से वंचित न रहे। शेष 20 हजार परिवारों की स्क्रीनिंग के लिए हमने रणनीतिक योजना बनाई है, जिसे अगले 48 घंटों में अमलीजामा पहनाया जाएगा। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में इसके लिए विशेष शिविर भी लगाए जा रहे हैं।-डाॅ. मधुर कुमार, एसीएमओ
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.