औरंगाबाद में एक तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर पलट गई। जिसके कारण बाइक सवार महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत औरंगाबाद – रफीगंज मुख्य पथ पर डबुरा गांव के पास की है। घायलों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौगढ़ गांव निवासी प्रभात कुमार मिश्रा, शिव प्रसाद मिश्रा और सरिता देवी के रूप में की गई है। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मानवीय पहल दिखाते हुए घायलों की मदद की। स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। तीन लोग एक ही बाइक पर थे सवार सदर अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर किसी आवश्यक काम से औरंगाबाद गए हुए थे। काम निपटाने के बाद तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव नौगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान डबुरा के पास सड़क पर बाइक का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सड़क पर गिर पड़ी। दुर्घटना के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता से स्थिति जल्द सामान्य हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाना पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। पुलिस का कहना है कि घायलों के स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तीनों घायलों का सदर अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी स्थिति डॉक्टरों की निगरानी में बताई जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.