शाजापुर | गुरुवार दोपहर 1 बजे आशा और आशा सहयोगिनी श्रमिक संघ की जिला इकाई ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। मां राजराजेश्वरी मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में एकत्र हुईं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के बाद कार्यकर्ता रैली निकालते हुए सीएमएचओ कार्यालय पहुंची, जहां अपनी समस्याओं को लेकर पुनः ज्ञापन दिया गया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व घोषित 1000 रुपए की वार्षिक बढ़ोतरी लागू करने और केंद्र सरकार द्वारा जारी 1500 रुपए की राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही मानदेय में हो रही कटौती और भुगतान में अत्यधिक देरी को लेकर गहरा रोष व्यक्त किया। संघ की जिला अध्यक्ष मोना प्रजापति ने कहा कि प्रोत्साहन राशि कई महीनों तक लंबित रहने से कार्यकर्ताओं को गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे आंदोलन नहीं, बल्कि विभाग से सम्मानजनक व्यवहार और अपने अधिकार चाहती हैं। ज्ञापन में नियमितीकरण, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन सुविधा, टीम बेस्ड इंसेंटिव लागू करने और हर महीने की 5 तारीख तक पे-स्लिप के साथ भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा, ऑनलाइन कार्यों के लिए मोबाइल और डेटा सुविधा देने की बात भी रखी गई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो वे आगामी रणनीति बनाकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.