नेपाल सीमा पर पुलिस और कथित तस्करों के बीच मुठभेड़ में एक कारोबारी की मौत के बाद लौकही में भारी हिंसा भड़क उठी. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस चौकी फूंक दी और जमकर पथराव किया. इस तनावपूर्ण स्थिति के कारण नया साल मनाने नेपाल गए सैकड़ों भारतीय सैलानी बीच रास्ते में फंस गए.
कैसे शुरू हुआ विवाद?
घटना 31 दिसंबर की रात करीब एक बजे की है. जानकारी के अनुसार, विजय साह भारत से ई-रिक्शा पर चीनी, खैनी और चॉकलेट जैसे सामान लेकर नेपाल जा रहा था. नेपाल सशस्त्र पुलिस बल के जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की. पुलिस का दावा है कि तस्करों की ओर से पहले फायरिंग की गई, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई, जिससे विजय साह की मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि यह कोई मुठभेड़ नहीं बल्कि सीधा हमला था. चर्चा यह भी है कि तस्करी के एवज में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने गोली मारी.
पुलिस चौकी फूंकी, पेट्रोल बम से हमला
मौत की खबर फैलते ही गुरुवार सुबह से ही कोसी गांवपालिका के पास हजारों लोग सड़कों पर उतर आए. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने पूर्व-पश्चिम राजमार्ग को जाम कर दिया और मृतक के शव व ई-रिक्शा को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. स्थिति तब और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने नेपाल सशस्त्र पुलिस की चौकी (बीट) में आग लगा दी. भीड़ ने पुलिस पर पत्थर और पेट्रोल बम से हमले किए, जिसमें कई जवानों के घायल होने की खबर है. पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे.
भारतीय सैलानियों की बढ़ी मुश्किलें
नए साल का जश्न मनाने के लिए अररिया और आसपास के इलाकों से सैकड़ों भारतीय परिवार नेपाल की वादियों और पिकनिक स्पॉट की ओर निकले थे. लेकिन बॉर्डर पर हुए इस बवाल के कारण सुनसरी राजमार्ग पूरी तरह ठप हो गया. जाम में फंसी दर्जनों भारतीय गाड़ियों को वापस लौटना पड़ा, जबकि कई लोग घंटों तक दहशत के माहौल में सीमा पार फंसे रहे. बॉर्डर आउट पोस्ट पर भी प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा.
क्या बोल रहा प्रशासन?
सुनसरी के डीएसपी चंद्र खड़का ने बताया कि घटनास्थल से खोखे बरामद किए गए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी. फिलहाल सीमा पर तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है और सुनसरी के एसपी स्वयं स्थिति की निगरानी कर रहे हैं.
About the Author

मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.