जनसुनवाई समाधान पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण को लेकर डीएम बद्रीनाथ सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की गई। बैठक में जिला स्तरीय एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में असंतोषजनक फीडबैक मिलने पर समाज कल्याण अधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, तहसीलदार घोरावल एवं जिला आबकारी अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों की ओर से शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण नहीं किया गया, जिससे जनता में असंतोष है। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनता दर्शन, तहसील दिवस, थाना समाधान दिवस और आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी समाधान किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर शिकायतकर्ता से फीडबैक लें और कार्रवाई से संबंधित जीपीएस युक्त फोटो पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने सभी अधिकारियों को प्रतिदिन पोर्टल लॉगिन कर शिकायतों की समीक्षा करने और समय से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। चेतावनी दी कि अंतिम तिथि पर लंबित शिकायतों के मामले में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसडीएम सदर उत्कर्ष द्विवेदी, सीएमओ डॉ.पीके राय, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण आदि मौजूद रहे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.