रतलाम में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं और बदमाश अब राह चलते लोगों पर बिना किसी कारण के हमले कर रहे हैं। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बीती रात नीमच से आए एक युवक पर चाकू से हमला किया गया, जिससे वह घायल हो गया। यह घटना पिछले कुछ दिनों में दूसरी गंभीर चाकूबाजी है। तीन दिन पहले भी स्टेशन के बाहर जीआरपी चौराहे और जावरा फाटक के पास एक युवक ने तीन लोगों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल किया था।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय सादिक, पिता जाकिर हुसैन, निवासी नीमच, रात करीब एक बजे ट्रेन से रतलाम रेलवे स्टेशन पर उतरा। वह प्लेटफार्म नंबर 7 से बाहर निकलकर हाट रोड की ओर प्लेटफार्म नंबर 2 के पास स्थित जीआरपी चौराहे की तरफ जा रहा था। वह मोबाइल पर परिजनों से बात कर रहा था। तभी पीछे से आरोपी युवक भी फोन पर बात करते हुए उसके पीछे चल रहा था।
कुछ कदम चलने के बाद आरोपी ने चाकू निकालकर सादिक पर हमला किया। उसने पहले जांघ पर दो वार किए, जिससे सादिक घायल हो गया। जब सादिक पलटा, तो आरोपी ने उस पर एक और वार किया। घायल युवक भागते-भागते गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों और कुछ पुलिसकर्मियों ने उसे उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी हमले के बाद कुछ देर वहां लौटता हुआ और वाहनों पर भी चाकू चलाते हुए दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह वहां से फरार हो गया।
आरोपी की पहचान
जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौधरी ने बताया कि आरोपी की पहचान अमन, पिता प्रकाश, निवासी जावरा रोड के रूप में हुई है। उसकी तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें-दांव पर इंदौर है और भागीरथपुरा एक चेतावनी
बिना किसी कारण हमला
घायल सादिक ने बताया कि वह नीमच से शादी समारोह में शामिल होने आया था। ट्रेन से उतरकर अपने परिजन से संपर्क करने के लिए मोबाइल पर बात कर रहा था, तभी पीछे से हमला किया गया। उसने हमलावर को नहीं जाना और यह हमला बिना किसी कारण के किया गया।
रतलाम में इस तरह की घटनाओं से आम नागरिकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें और संदिग्ध व्यक्ति देखे जाने पर तुरंत सूचना दें।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.