अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर अपनी टीम के साथ जानकारी देते हुए
अमृतसर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 400 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। इन मोबाइल फोन की कुल कीमत लगभग 85 लाख रुपय बताई जा रही है। यह सभी मोबाइल अलग-अलग स्थानों से ट्रैक करके एकत्र किए गए थे।
इस मौके पर अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि पुलिस विभाग हमेशा जनता के साथ बेहतर संबंध बनाए रखने और उनकी मदद करने को प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पुलिस द्वारा दो बार विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए थे, जिनमें पहले 100 और फिर 200 मोबाइल फोन उनके मालिकों को लौटाए गए थे। अब तीसरे कार्यक्रम के तहत करीब 400 मोबाइल फोन वापस किए जा रहे हैं।
बरामदगी
मोबाइल खोने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि मोबाइल फोन खोने से लोगों को सिर्फ फोन की कीमत का ही नुकसान नहीं होता, बल्कि उसमें मौजूद जरूरी डाटा भी खो सकता है, जो कई बार बहुत कीमती और महत्वपूर्ण होता है। इसलिए उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी का मोबाइल फोन गुम हो जाए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि उसे जल्द से जल्द ट्रैक किया जा सके।
CEIR पोर्टल से देशभर में ट्रैक किए गए फोन
उन्होंने बताया कि मोबाइल फोन को ट्रैक करने के लिए केंद्र सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद ली गई। इस पोर्टल के जरिए पूरे देश में मोबाइल फोन को ट्रैक किया जा सकता है। इसी तकनीक की सहायता से कई मोबाइल पंजाब के अलग-अलग जिलों और अन्य राज्यों से भी बरामद किए गए।
बरामद किए गए मोबाइल फोन में 13 आईफोन और 387 अलग-अलग कंपनियों के एंड्रॉयड फोन शामिल हैं। इन सभी मोबाइल फोन को साइबर पुलिस स्टेशन और अन्य थानों की टीमों ने मिलकर ट्रैक कर बरामद किया है। पुलिस कमिश्नर ने इस सफलता के लिए पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि पुलिस की मेहनत और तकनीक के सही उपयोग से लोगों की खोई हुई चीजें वापस मिलना संभव हो रहा है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.