अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा से जुड़े AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनरेटेड 3 विवादित वीडियो बनाए गए। पहले वीडियो में एक लड़का जूते पहनकर गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा में खड़ा दिखाई देता है और फिर कार में बैठकर परिसर से बाहर जाता नजर आता है। वहीं दूसरे वीडियो में श्री दरबार साहिब का परिवर्तित दृश्य दिखाया गया है, जो सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ है। वहीं तीसरे वीडियो में कपल को गोल्डन टेंपल के सामने आपत्तिजनक हरकत करते हुए दिखाया गया है। वीडियो सामने के आने के बाद शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन अमृतसर में 29 जनवरी को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) और धारा 353(2) व 353(3) (धार्मिक स्थल से संबंधित सामग्री के माध्यम से समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने) के तहत केस दर्ज किया है। FIR की कॉपी अब सामने आई है। पहले जानिए तीनों वीडियो में क्या दिखाया गया… एसजीपीसी ने पुलिस को 2 शिकायतें दीं गोल्डन टेंपल को लेकर बनाए गए तीनों वीडियो कुछ दिन पहले वायरल हुए। इसके बाद जैसे ही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) को इसको लेकर पता चला, तो कमेटी ने अमृतसर पुलिस आयुक्त को दो अलग-अलग शिकायतें दीं। जिन पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 29 जनवरी को FIR दर्ज की। शिकायतों में दोनों वीडियो के बारे में बताया गया, साथ ही उनके इंस्टाग्राम लिंक भी दिए गए हैं, जिस अकाउंट से पोस्ट किए गए हैं। AI का दुरुपयोग रोकने बनाई थी कमेटी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI के बढ़ते दुरुपयोग को गंभीरता से लिया है। सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ AI तकनीक के माध्यम से बनाई जा रही वीडियो, तस्वीरों और अन्य डिजिटल सामग्री के मामलों पर नियंत्रण के लिए SGPC ने एक विशेष उप-समिति का गठन किया है। यह निर्णय SGPC की अंतरिम समिति की बैठक में 13 अक्टूबर 2025 को प्रस्ताव संख्या 1002 के तहत लिया गया था। इस उप-समिति का उद्देश्य AI से जुड़े मामलों पर विशेषज्ञों की राय लेना और ऐसे डिजिटल कंटेंट पर रोक लगाने के लिए ठोस सुझाव तैयार करना है, जो सिख धर्म, गुरु परंपरा और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.