अमृतसर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। खलचियां इलाके में स्थित नहर वाले पुल से एक ऑल्टो कार अचानक नीचे गिर गई। जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग गांव चीमे बाट की ओर जा रहे थे। जैसे ही कार पुल के बीच में पहुंची, अचानक चालक का संतुलन बिगड़ गया और देखते ही देखते कार पुल से नीचे जा गिरी। गनीमत यह रही कि पुल के नीचे रोही में पानी बहुत कम था, जिसके कारण कार में सवार चारों लोग बाल-बाल बच गए। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ पल के लिए घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। राहगीरों ने तुरंत पहुंचकर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पुल पर रेलिंग न होने की वजह से पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। उनका कहना है कि यह पुल काफी खतरनाक बन चुका है और कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पुल पर मजबूत और पक्की रेलिंग लगाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। नशेड़ी और चोर पहले लगी रेलिंग को काटकर ले गए इलाके के निवासियों ने यह भी बताया कि पहले यहां रेलिंग लगाई गई थी, लेकिन नशेड़ी और चोर कई बार रेलिंग को तोड़कर या काटकर ले गए। इसी वजह से पुल फिर से असुरक्षित हो गया। इस मामले में विभाग के अधिकारी तिरलोचन सिंह ने बताया कि पहले भी रेलिंग का काम कराया गया था, लेकिन चोर रात के समय एंगल काटकर ले गए थे। अब प्रशासन ने पुल पर 27 फुट चौड़ाई वाली नई और मजबूत रेलिंग लगाने की मंजूरी दे दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.