पूर्ण शराबबंदी लागू बिहार में शराब को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। औरंगाबाद से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला को कथित रूप से देशी ठर्रा लेने और पीने की बात करते हुए देखा जा रहा है। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
वीडियो की लोकेशन को लेकर जांच
वायरल वीडियो कब का है और कहां का है, इस बारे में निश्चित तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता। जांच में यह जानकारी सामने आई है कि यह वीडियो औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र के किसी गांव का बताया जा रहा है, लेकिन इसकी पुष्टि प्रशासनिक स्तर पर अभी नहीं हुई है।
आंचल में शराब लिए दिखी महिला
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक महिला झोपड़ीनुमा घर से, जिसे अघोषित देशी ठर्रे का ठेका बताया जा रहा है, अपने आंचल में शराब लेकर निकलती है और उसे पीने की बात करती है। वीडियो में शराब देने वाली भी महिला ही नजर आ रही है।
महिलाओं की संलिप्तता का दावा
इस वीडियो के आधार पर यह दावा किया जा रहा है कि पूर्ण शराबबंदी वाले बिहार में न केवल महिलाएं शराब पी रही हैं, बल्कि अवैध शराब कारोबार में भी उनकी संलिप्तता सामने आ रही है। वीडियो में महिला ग्राहक और महिला विक्रेता दोनों के दिखने से इस दावे को बल मिल रहा है।
यह भी पढ़ें- Bihar: साहब पहले हमें बसा दो! चंदवारा घाट पुल का निर्माण तेज, सैकड़ों परिवारों ने पुनर्वास की उठाई मांग
पूर्ण शराबबंदी के बावजूद अवैध कारोबार
बिहार में अप्रैल 2016 से पूर्ण शराबबंदी लागू है। इसके बावजूद राज्य में चोरी-छिपे शराब की बिक्री जारी है। इस अवैध धंधे में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं के शामिल होने की बात सामने आती रही है, जिसकी एक कड़ी के रूप में यह वायरल वीडियो देखा जा रहा है।
मामले पर पुलिस का क्या है रुख?
इस मामले में जम्होर थानाध्यक्ष राजकिशोर प्रसाद ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद संबंधित स्थानों पर छापामारी की जाएगी और अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.