जब इस बारे में लोकल 18 की टीम ने अंबाला रेल मंडल के सीनियर डीसीएम नवीन कुमार से बातचीत की तो उन्होंने बताया कि नए साल को लेकर भारतीय रेल के द्वारा खाटू श्याम जी के दर्शन करने वाले यात्रियों के लिए विशेष ट्रेन 29 दिसंबर 2025 से 1 जनवरी 2026 तक संचालित की जा रही है. उन्होंने कहा कि ट्रेन का समय और रूट रेलवे द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार, गाड़ी संख्या 09711 कुरुक्षेत्र जंक्शन से रात 11:30 बजे रवाना होगी और यह ट्रेन कैथल होते हुए रात 12:52 बजे नरवाना पहुंचेगी और वहां 2 मिनट के ठहराव के बाद आगे बढ़ेगी.
वापसी का कार्यक्रम
इसके बाद यह ट्रेन रात 1:23 बजे जींद जंक्शन पहुंचेगी और जींद से प्रस्थान करने के बाद यह रोहतक, झज्जर और रेवाड़ी होते हुए सुबह 6:50 बजे रींगस पहुंचेगी, जो खाटू श्याम जी जाने वाले श्रद्धालुओं का मुख्य पड़ाव है. उन्होंने बताया कि आखिर में यह ट्रेन सुबह 8:30 बजे फुलेरा पहुंचेगी और वापसी में गाड़ी संख्या 09712 दिनांक 30 दिसंबर से 2 जनवरी 2026 तक चलेगी. यह ट्रेन फुलेरा से सुबह 9:50 बजे प्रस्थान करेगी और शाम को 4:28 बजे जींद तथा 5:05 बजे नरवाना पहुंचेगी. इसके बाद यह ट्रेन रात 8:00 बजे अपनी यात्रा कुरुक्षेत्र जंक्शन पर समाप्त करेगी.
उन्होंने कहा कि सुलभ यात्रा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए इस ट्रेन को अनरिजर्व्ड रखा गया है, जिसका अर्थ है कि यात्री सामान्य टिकट लेकर इसमें सफर कर सकेंगे. इसमें कुल 14 कोच होंगे, जिनमें 12 साधारण श्रेणी के कोच शामिल हैं. रेलवे के इस फैसले से उन यात्रियों को बड़ी राहत मिली है, जो नए साल की शुरुआत बाबा श्याम के दर्शन के साथ करना चाहते थे, क्योंकि इस दौरान नियमित ट्रेनों में सीट मिलना काफी चुनौतीपूर्ण होता है.
प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी
उन्होंने बताया कि अब से ट्रेन में सफर करना महंगा हो गया है, क्योंकि रेल मंत्रालय ने गुरुवार को यात्री ट्रेनों के किराए में बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा की थी, जो आज से लागू हो गई है. उन्होंने बताया कि रेलवे की ओर से यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों पर लागू की गई है. नई व्यवस्था के अनुसार, 215 किलोमीटर से अधिक दूरी पर साधारण श्रेणी में यात्रा करने पर अब प्रति किलोमीटर 1 पैसा अधिक देना होगा.
वहीं एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी कोचों और सभी एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है. इसका मतलब है कि अगर कोई यात्री 500 किलोमीटर की नॉन-एसी यात्रा करता है, तो उसे सिर्फ 10 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे. हालांकि यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने स्पष्ट किया है कि लोकल ट्रेनें, छोटी दूरी की यात्रा और मासिक सीजन टिकट (MST) के किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है. उन्होंने कहा कि इसके साथ ही साधारण श्रेणी में 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी पुराने किराए पर ही सफर करना होगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.