वहीं मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के अंबाला से उत्तर प्रदेश के शामली तक 121 किमी लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनाया जा रहा है. इसके तैयार होने पर चंडीगढ़-मोहाली और पंचकूला के लोगों को न केवल दिल्ली, बल्कि यूपी तक सफर करना आसान होगा. वहीं इसके साथ ही अंबाला में बन रहे 39 किलोमीटर रिंग रोड प्राेजेक्ट से 5 हाईवे आपस में जुड़ जाएंगे, जो कि अंबाला में बाईपास का काम करेगा. इससे वाहन चालकों को शहर में आए बिना बाहर से ही बिना ट्रैफिक जाम के निकलने की सुविधा मिलेगी और शहर में बड़े वाहनों के कारण लगने वाला ट्रैफिक जाम भी खत्म होगा.
कब तक होगा पूरा
अंबाला-शामली एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से किया जा रहा है, दिसंबर 2026 तक काम पूरा होने का अनुमान है। वहीं लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि अंबाला से शामली तक 121 किमी लंबा हाईवे बन रहा है. इसके बाद शामली में यह सड़क दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे से जोड़ी जाएगी. उधर, अंबाला-मोहाली एक्सप्रेस-वे का भी काम तेजी से चल रहा है और इन सड़कों के बनने से चंडीगढ़-मोहाली समेत अन्य शहरों तक सफर आसान और सुहाना होगा.
उन्होंने कहा कि अंबाला में रिंग रोड का निर्माण कार्य तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है जिसमें से कई मुख्य सड़के गुजरेंगी और इसमें अंबाला से शामली तक का रास्ता भी आसान हो जाएगा. उन्होंने बताया कि वह रिंग रोड का निर्माण से बाहर से ही बड़े वाहन निकल जाएंगे,जिससे जाम की स्थिति से लोगों को निजात मिलेगी.
कहां से कहां तक बनेगा अंबाला-शामली एक्सप्रेस-वे?
वहीं मिली जानकारी के अनुसार अंबाला-शामली एक्सप्रेस-वे अंबाला के सादोपुर गांव से शुरू होता है और यहीं से अंबाला-मोहाली एक्सप्रेस-वे से जोड़ा जाएगा. वहीं यूपी के शामिल जिले के गोगवान जलालपुर में यह एक्सप्रेस-वे न केवल दिल्ली-देहरादून, बल्कि शामली-गोरखपुर एक्सप्रेस से जोड़ा जाएगा. आगे इसे गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस-वे से जोड़ने की योजना है. इन सभी प्रोजेक्ट के तैयार होने और आपस में जुड़ने के बाद पंजाब, हरियाणा, यूपी और उत्तराखंड तक सफर आसान होगा.
बलाना, मोहड़ा, खुड्डाकलां, हंडेसरा के पास होंगे एंट्री पॉइंट
रिंग रोड योजना के अनुसार रिंग रोड की शुरुआत सद्दोपुर एनएच 152 से होगी. यहां से हाईवे एनएच-72 (नारायणगढ़ रोड) हंडेसरा तक को लिंक करेगा. बीच में गांव काकरू, मंडोर, खतौली व पंजोखरा साहिब होंगे. इसी तरह एनएच-72 से एनएच-444ए (जगाधरी रोड) तक रिंग रोड खुड्डाकलां में लिंक होगा. इस लिंक के मध्य कलरहेड़ी, बोह, शरीफगढ़, चंदपुरा, रौलों व खुड्डाकलां का रकबा लगेगा.एनएच 444ए से एनएच-44 (जीटी रोड) गांव मोहड़ा में लिंक होगा. बीच में गांव सलारहेड़ी, ब्राह्मण माजरा व मोहड़ा का रकबा लगेगा. एनए-44 से एनएच-65 (हिसार रोड) बलाना गांव में रिंग रोड का अंतिम छोर लिंक होगा.
बीच में शाहपुर, मछौंडा, मछौंडी, मीरापुर, उगाड़ा, मटेड़ी जट्टां, सौंडा, रूपाेमाजरा, सारंगपुर आदि का रकबा होगा.मिली जानकारी के अनुसार अम्बाला से औसतन 30 हजार से अधिक भारी वाहन प्रतिदिन होकर गुजरते हैं. ऐसे में करीब 45 मीटर चौड़ी फोरलेन रिंग रोड समूचे अम्बाला को जाम से छुटकारा दिलवाएगी.वही हिसार, चंडीगढ़, अमृतसर से आने वाले वाहनों को जिन्हें केवल अम्बाला से होकर यूपी, दिल्ली, उत्तरांचल व हिमाचल के इलाकों मे प्रवेश करना होता है, उन्हें शहर के भीतर प्रवेश करने की जरूरत नहीं होगी.इसी तरह से यमुनानगर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को जिन्हें पंजाब व चंडीगढ़ से होकर आगे गुजरना है, उन्हें कैंट व सिटी के शहरी क्षेत्र में आने की जरूरत नहीं होगी.
लोग बोले यातायात में मिलेगा फायदा, समय की होगी बचत
वहीं लोकल 18 की टीम ने अंबाला के लोगों से बातचीत की तो वह काफी खुश नजर आए और उन्होंने सरकार का धन्यवाद किया. कपड़ा व्यापारी कैलाश ने बताया कि रिंग रोड बनने से लोगों को जाम की स्थिति से निजात मिलेगी, क्योंकि शहर में अक्सर बड़े वाहनों के आने से जाम की स्थिति बन जाती है. ऐसे में जिन वाहनों ने अंबाला से होते हुए पंजाब जाना है वह इस रिंग रोड से बाहर की तरफ से ही पंजाब की तरफ चले जाएंगे.
उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार में बहुत से नेशनल हाईवे का निर्माण किया गया है जिसमें अब अंबाला से शामली जाने वाले लोगों को इस नए हाईवे से काफी फायदा आने वाले समय में मिलेगा. उन्होंने कहा कि अक्सर उनका सामान उत्तर प्रदेश भी जाता है, ऐसे में इस नए हाईवे से उन्हें व्यापार में भी काफी फायदा मिलेगा.
समय की होगी बचत
विजेंद्र चौहान ने बताया कि अक्सर वह दिल्ली पुराने रास्ते से जाते हैं तो काफी समय लगता है ऐसे में नए अंबाला शामली रोड से उनके समय की बचत होगी. उन्होंने बताया कि अंबाला में रिंग रोड का भी लोगों को काफी फायदा मिलेगा, क्योंकि जो जाम वाहनों की भीड़ के कारण लगता है वह कम हो जाएगा. उन्होंने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए यातायात की भी अहम भूमिका होती है और आने वाले समय में यह नेशनल हाईवे जब शुरू होंगे तो लोगों को काफी फायदा मिलेगा.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.