शहर में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को सीधी टक्कर मार दी और चालक को कुचलते हुए करीब 400 मीटर तक घसीटती चली गई। इस भयावह हादसे में 40 वर्षीय ई-रिक्शा चालक लोकेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक लोकेश अलवर शहर के बांस वाली गली मोहल्ले का निवासी था। वह रोज की तरह रात में सवारी छोड़कर घर लौट रहा था। जब वह अंबेडकर चौराहे के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा कार के आगे फंस गया और कार चालक को सैकड़ों मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
राहगीरों ने शोर मचाकर गाड़ी रुकवाने की कोशिश की लेकिन तब तक लोकेश की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। कुछ ही पलों में उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: झालावाड़ पुलिस ने नशा तस्करों की कमर तोड़ी, 125 करोड़ की संपत्ति स्थाई रूप से की फ्रीज
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ है। हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
मृतक के भाई राजकुमार ने बताया कि लोकेश मेहनती और जिम्मेदार इंसान था, जो परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए देर रात तक काम करता था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
पुलिस ने शव को अलवर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है, जो हर साल कई परिवारों को तबाह कर देती है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.