अलवर जिले के नौगांवा थानाक्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को पहले करंट लगाया गया और बाद में उसे कुएं में फेंक दिया गया। महिला को अस्पताल लाया गया, जहां थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान उषा बाई (32) निवासी डाबरी के रूप में हुई है। विवाहिता की मौत की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
पीहर पक्ष का ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप
परिजनों ने आरोप लगाया है कि उषा बाई की शादी वर्ष 2009 में नाखनोल निवासी रंजीत से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था। पीहर पक्ष का कहना है कि पति और अन्य ससुराल वाले आए दिन उसके साथ मारपीट करते थे और मानसिक रूप से भी उसे प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला को पहले करंट लगाकर मारा गया और बाद में कुएं में फेंक दिया गया। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है।
अस्पताल में तोड़ा दम
बताया गया है कि महिला को अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की।
पढ़ें- Rajasthan News: जालौर में निजी विद्यालय की दीवार गिरी, खेल रही मासूम बच्ची की मौके पर मौत
पुलिस का पक्ष और जांच प्रक्रिया
नौगांवा थाना प्रभारी हितेश शर्मा ने बताया कि परिजनों से फोन पर बातचीत की गई है। उन्होंने कहा कि परिजन जैसी रिपोर्ट देंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह जांच का विषय है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम से पर्दा उठ सकेगा।
परिजनों की प्रतिक्रिया
मृतका के चाचा पप्पू सिंह ने भी घटना को लेकर नाराजगी जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.