- कॉपी लिंक
बेरेबास गांव के ITBP कैंप के पास वाले जंगल में लगी आग।
अलवर के बेरेबास स्थित आईटीबीपी ट्रेनिंग कैंप के आसपास जंगल में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग करीब एक किलोमीटर के दायरे में फैल गई और कैंप के आसपास के क्षेत्र तक पहुंच गई। आग की लपटें कैंप के अंदर के हिस्से तक भी पहुंच गईं, जिससे कैंप के अंदर के जंगल में भी आग लग गई जिससे कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया।

सूखे झाड़-झंखाड़ और छान बांधने वाले झुंडे अधिक होने के कारण आग तेजी से भड़क गई।
सूचना मिलते ही आईटीबीपी के जवान मौके पर पहुंचे और आसपास के ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। जवानों और ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी डालकर करीब 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया, हालांकि कुछ स्थानों पर आग सुलगती रही, जिसे बुझाने का काम जारी रहा।
बेरेबास गांव के ग्रामीण कासम ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे जंगल में एक झुंडे में आग लगी थी। शुरुआत में आग छोटी लग रही थी, लेकिन तेज हवाओं के कारण वह तेजी से फैल गई और देखते ही देखते करीब एक किलोमीटर क्षेत्र में फैल गई। आग कैंप के अंदर के हिस्से तक भी पहुंच गई, जिसके बाद आईटीबीपी के जवान भी बाहर आए और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गए।
ग्रामीणों ने बताया कि जंगल में सूखे झाड़-झंखाड़ और छान बांधने वाले झुंडे अधिक होने के कारण आग तेजी से भड़क गई। साथ ही गुरुवार को जिले में चल रही तेज हवाओं ने भी आग को फैलाने में भूमिका निभाई। गनीमत रही कि इस घटना में कैंप या आसपास किसी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ। फिलहाल जवान और ग्रामीण क्षेत्र में निगरानी कर रहे हैं ताकि आग दोबारा न भड़क सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
