सिर्फ एक रात में हुआ था मंदिर का निर्माण
लोककथाओं के अनुसार, मंदिर का निर्माण केवल एक ही रात में हुआ था. कहा जाता है कि स्थानीय लोगों ने मंदिर के लिए ईंटें तैयार की थीं, परंतु तेज़ बारिश के बावजूद वे ईंटें अगली सुबह पकी हुई मिलीं. मंदिर को जोड़ने में चूने या सीमेंट की जगह बेल और गुड़ के मिश्रण का प्रयोग हुआ, जो आज भी लोगों को अचंभित करता है. स्याही देवी को आसपास के 52 गाँवों की इष्ट देवी माना जाता है और उत्तराखंड के अनेक परिवार इन्हें अपनी कुलदेवी के रूप में पूजते हैं.
मन्नतें होती हैं पूरी
माता के प्रति लोगों की आस्था इतनी गहरी है कि यहाँ सच्चे मन से मांगी गई मन्नतें अवश्य पूरी होने की मान्यता है. इस मंदिर का आध्यात्मिक महत्व तब और बढ़ जाता है जब ज्ञात होता है कि 1898 में स्वामी विवेकानंद ने यहाँ साधना और ध्यान किया था, जिससे यह स्थान कई संतों और साधकों की तपस्थली के रूप में भी प्रसिद्ध हुआ.
माता की मूर्ति का रंग दिन में तीन बार बदलता है
मंदिर की एक और अद्भुत विशेषता यह मानी जाती है कि माता की मूर्ति का रंग दिन में तीन बार बदलता है, जिसे भक्त देवी की जीवंत उपस्थिति का प्रतीक मानते हैं. प्राकृतिक दृष्टि से भी स्याही देवी मंदिर अत्यंत रमणीय है. चारों ओर फैले घने देवदार और बांज के जंगल, शुद्ध पहाड़ी हवा और हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियों के मनोरम दृश्य मन को गहरी शांति प्रदान करते हैं.
प्रकृति, इतिहास और अध्यात्म का अनोखा संगम है मंदिर
मंदिर के समीप पेड़ों का ऐसा प्राकृतिक समूह है जो शेर की आकृति जैसा प्रतीत होता है और उसी के नीचे माता का यह पावन धाम स्थित है. स्याही देवी मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि प्रकृति, इतिहास और अध्यात्म का अनोखा संगम भी है, जो हर श्रद्धालु और पर्यटक को भीतर तक स्पर्श करता है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.