सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना बहुत जरूरी है, खासकर बच्चों को. क्योंकि बच्चे ही आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बनते हैं. इसी बात को ध्यान में रखते हुए अल्मोड़ा जिले के कुछ सरकारी विद्यालयों में परिवहन विभाग की ओर से रोड सेफ्टी कॉर्नर बनाए जा रहे हैं. इन रोड सेफ्टी कॉर्नरों का मुख्य उद्देश्य बच्चों को छोटी उम्र से ही सड़क पर सुरक्षित चलने और यातायात नियमों को समझाने का है.पहले चरण में अल्मोड़ा के प्राथमिक विद्यालय फलसीमा, स्यालीधार, द्वारसों और कठपुड़िया में यह कार्नर स्थापित किए जा चुके हैं.
लाल, पीली और हरी बत्ती का क्या है मतलब
इन रोड सेफ्टी कॉर्नरों में स्कूल की दीवारों पर ट्रैफिक सिग्नल, ज़ेब्रा क्रॉसिंग, सड़क संकेत, हेलमेट और सीट बेल्ट से जुड़े चित्र बनाए गए हैं. इन चित्रों को इस तरह से बनाया गया है कि बच्चे उन्हें देखकर आसानी से समझ सकें. बच्चे खेल-खेल में यह सीख रहे हैं कि सड़क कैसे पार करनी चाहिए, ज़ेब्रा क्रॉसिंग का क्या महत्व है, लाल, पीली और हरी बत्ती का क्या मतलब होता है और दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना क्यों जरूरी है.
बच्चों का सिखाया जा रहा है यातायात नियम
स्कूल परिसर में बने इन चित्रों का बच्चों पर अच्छा असर देखने को मिल रहा है. रोज़ाना स्कूल आते-जाते समय बच्चे इन चित्रों को देखते हैं और धीरे-धीरे ये बातें उनके दिमाग में बैठ जाती हैं. शिक्षक भी इन रोड सेफ्टी कॉर्नरों की मदद से बच्चों को यातायात नियमों के बारे में समझा रहे हैं. इससे बच्चों को किताबों की पढ़ाई के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी मिल रहा है, जो उनके जीवन में बहुत काम आएगा.
इस पहल का एक और बड़ा फायदा यह है कि बच्चे घर जाकर अपने माता-पिता और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के नियम बताते हैं. कई बार बच्चे अपने परिवार वालों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हैं. इस तरह से यह जागरूकता सिर्फ स्कूल तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे समाज तक पहुंचती है.
रोड सेफ्टी कॉर्नर एक सराहनीय पहल
कुल मिलाकर, अल्मोड़ा के स्कूलों में बनाए जा रहे रोड सेफ्टी कॉर्नर एक सराहनीय पहल है. यह बच्चों को कम उम्र में ही जिम्मेदार और सतर्क नागरिक बनने की सीख दे रहे हैं. अगर बच्चे आज से ही सड़क सुरक्षा के नियमों को समझेंगे और अपनाएंगे, तो आने वाले समय में सड़क दुर्घटनाओं में जरूर कमी आएगी. यह पहल भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हो रही है.
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.