बलरामपुर-रामानुजगंज: वन परिक्षेत्र धमनी में जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में फरार चल रहे सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वन विभाग ने इस प्रकरण में बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, यह मामला वन परिक्षेत्र धमनी के उप परिक्षेत्र सनावल, परिसर झारा क्षेत्र का है। यहां जंगली सुअर का अवैध शिकार कर उसके मांस को टुकड़ों में बांटने, बेचने और पकाकर खाने का अपराध सामने आया था। इस संबंध में वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत 16 जून 2025 को वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इस प्रकरण में पहले चरण में ग्राम त्रिशुली, तहसील रामचन्द्रपुर, जिला बलरामपुर निवासी आरोपी अरुण, सुनील, जितेंद्र और जयपाल को 19 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर जिला जेल रामानुजगंज भेजा गया था। कोर्ट ने 2 दिसंबर 2026 को इन आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
फरार सात आरोपी हुए गिरफ्तार
इसके बाद 5 जनवरी 2026 को मामले में फरार चल रहे सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें ग्राम त्रिशुली एवं सुंदरपुर, तहसील रामचन्द्रपुर, जिला बलरामपुर निवासी संतोष, रामकुमार, प्रदीप, सूर्यकांत, दिनेश, देवनाथ और ईश्वर शामिल हैं। इन्हें माननीय न्यायालय रामानुजगंज के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद सभी को जेल भेज दिया गया।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.