शिरोमणि अकाली दल (बादल) के महासचिव बलविंदर सिंह भुंदड़ ने मंगलवार को गोल्डन टेंपल में माथा टेका। उन्होंने गुरु घर में पंजाब की तरक्की और खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में राज्य की राजनीतिक स्थिति और पार्टी की रणनीति पर अपने विचार रखे। भुंदड़ ने अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि, वह 1972 से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब के मौजूदा हालात 1977 में आपातकाल के बाद की स्थिति जैसे हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि लोगों में वर्तमान सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। भुंदड़ के अनुसार, जनता एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल को सत्ता में लाने के लिए उत्सुक हैं। शिअद अपराधिक तत्वों का समर्थन नहीं करता : भुदंड आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन पर टिप्पणी से बचते हुए, भुंदड़ ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में पंजाब के विकास के लिए बड़े प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। गैंगस्टरों को टिकट देने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भुंदड़ ने इन दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने खुद गोलियों का सामना किया हो, वह कभी आपराधिक तत्वों का समर्थन नहीं कर सकती। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे आरोप लगाने का आरोप लगाया। भारतीय जनता पार्टी के साथ गठबंधन की संभावना को उन्होंने स्पष्ट रूप से नकार दिया। भुंदड़ ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में भाजपा के साथ गठबंधन का कोई सवाल ही नहीं उठता। पार्टी के आंतरिक विवादों पर उन्होंने बताया कि किसी को भी पार्टी से बाहर नहीं किया गया है और पुराने नेताओं के लिए वापसी के दरवाजे हमेशा खुले हैं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.