हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में विद्यार्थी अब मधुमक्खी पालन के साथ मशरूम उत्पादन भी सीखेंगे। नए सत्र के लिए अल्पकालिक, ऐड-ऑन और कौशल विकास प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 28 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। पाठ्यक्रम उन विद्यार्थियों के लिए खास माने जा रहे हैं जो नियमित पढ़ाई के साथ अतिरिक्त दक्षता हासिल करना चाहते हैं। विश्वविद्यालय की ओर से मधुमक्खी पालन, मशरूम उत्पादन, पर्यावरण विज्ञान, फोरेंसिक विज्ञान, माइक्रोबायोलॉजी, भारतीय ज्ञान परंपरा, जनसंख्या अध्ययन, जर्मन, रूसी, लोक नीति एवं सुशासन, भोटी भाषा, सामाजिक कार्य, पर्यावरण अर्थशास्त्र, मानवाधिकार अध्ययन और वैदिक गणित जैसे विषयों में प्रमाणपत्र कोर्स शुरू किए गए हैं।
इन पाठ्यक्रमों में वही अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने संबंधित पात्रता परीक्षा निर्धारित अंकों के साथ उत्तीर्ण की हो। प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा। पात्रता परीक्षा में प्राप्त अंकों के अनुसार चयन सूची तैयार की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को काउंसलिंग या साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा, जहां उन्हें अपने मूल प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने होंगे। काउंसलिंग में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। सामान्य वर्ग के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये और अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अंत्योदय, एआरडीपी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 250 रुपये निर्धारित किया गया है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किए जा सकते हैं। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.