.
लोहिया नगर स्थित आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बैनर तले नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव विषय पर विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। अध्यक्षता विधि के छात्र अभिषेक आनंद ने की। मौके पर पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार अमर मौजूद थे। श्री आनंद ने नशीली दवाओं से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान पर चर्चा की। मुख्य अतिथि जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव एवं अपर न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि नशा हमारे समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप बन चुका है। नशा न केवल व्यक्ति को बल्कि पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि आप सभी देश का भविष्य हैं और स्वस्थ मन ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव रखता है।
करुणानिधि प्रसाद आर्य ने कहा कि जिले में सूखा नशा, स्मैक और ड्रग्स का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है और चिंता की बात यह है कि इसमें छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल हो रहे हैं। इससे उनके मानसिक विकास पर गंभीर असर पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों पर विशेष नजर रखने की अपील की और बताया कि एनडीपीएस कानून से जुड़े अधिकांश मामलों में आज बच्चे संलिप्त पाए जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि पॉक्सो से जुड़े कई मामलों की जड़ में भी नशा एक प्रमुख कारण बनकर सामने आ रहा है।
12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती युवा दिवस के रूप में मनाई जाती है। उनके विचारों और सिद्धांतों को अपनाकर ही नशामुक्त और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। इस दौरान उन्होंने अकबर के दरबार की एक कथा के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को रोचक अंदाज में समझाया। एलएडीसी के असिस्टेंट अशोक कुमार झा ने बताया कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार जरूरतमंदों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराती है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार के शैलेश कुमार और प्रभात कुमार सिन्हा ने उपस्थित लोगों को नशे से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए टोल फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक बृजेंद्र कुमार, बच्चों की पाठशाला के रोशन कुमार, विधि छात्रा फातिमा नसीम, मनीषा कुमारी, प्रियांशु कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव और उससे बचाव पर अपने विचार रखे।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.