तीन लोगों की मौत का जिम्मेदार लोनी के अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाले कमरूद्दीन को दिल्ली पुलिस शनिवार को उसके घर लेकर पहुंची। टीम ने घर के अंदर से सबूत एकत्रित किए। टीम ने घर में बनी मजार की जांच की। सबूत एकत्रित कर टीम कमरूद्दीन को लेकर वापस दिल्ली पहुंची। जांच के दौरान पुलिस फोर्स तैनात रही।
बीते आठ फरवरी को दिल्ली के पीरागढ़ी फ्लाईओवर के पास खड़ी कार में तीन शव मिलने के मामले में दिल्ली पुलिस ने लोनी के अशोक विहार कॉलोनी में रहने वाले कमरूद्दीन को पकड़ा था। कार सवार युवकों की पहचान रणधीर सिंह, शिव नरेश सिंह और लक्ष्मी देवी के रूप में हुई थी।
आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि तांत्रिक कमरूद्दीन मूलरूप से फिरोजाबाद का रहने वाला है। वह पिछले सात साल से लोनी की अशोक विहार कॉलोनी में रह रहा था। उसने घर के अंदर ही मजार बनाई हुई थी। उसके दोनों बेटे राजू और अमरूद्दीन पत्नी शायरा के साथ फिरोजाबाद में रहते हैं।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार दोपहर तांत्रिक कमरूद्दीन को लेकर लोनी के अशोक विहार कॉलोनी उसके घर पहुंची। टीम ने घर व उसके अंदर बनाई गई मजार की सघन तलाशी ली और साक्ष्य एकत्र किए। टीम ने दो मकान व तीन प्लाट का निरीक्षण किया। पूछताछ में आरोपी ने धनवर्षा कराने के नाम पर लालच देकर तीनों की जहरीले लड्डू खिलाकर हत्या करना व उनसे दो लाख रुपये हड़पना स्वीकार किया था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.