शालीमार बाग इलाके में रविवार दोपहर एक ट्रक ने पांच साल के मासूम को कुचल दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को तुरंत बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चश्मदीद ने बताया कि चालक की लापरवाही से वाहन चलाने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने से हुई मौत का केस किया है।
घटना के बाद इलाके के लोगों ने रास्ता जाम कर दिया और आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला और लोगों को समझा बुझाकर शांत करवाया। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर शालीमार बाग थाना पुलिस को लोहिया कैंप हैदरपुर मैक्स वाला रोड पर सड़क हादसे की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने वहां एक टाटा 909 ट्रक को खड़ा देखा और उसके पहिये के पास एक पांच साल का बच्चा घायल पड़ा था। पुलिस ने तुरंत उसे लेकर बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंची। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत बच्चे की पहचान तिरथ के रूप में हुई। वह लोहिया कैंप हैदरपुर में अपने पिता संजय सिंह, मां और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहता था। पुलिस को मौके पर एक चश्मदीद रविंद्र मिला, जिसने बताया कि ट्रक चालक घटना के समय ट्रक को लापरवाही और तेज रफ्तार से चला रहा था।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.