हाथरस जिले के यात्रियों के लिए जल्द ही एसी इलेक्ट्रॉनिक बस सेवा की शुरुआत होने जा रही है। आगरा में चार्जिंग स्टेशन बनने के बाद अलीगढ़ डिपो की ओर से दो नियमित इलेक्ट्रॉनिक बसों का संचालन शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है।
अलीगढ़ से आगरा के बीच चलने वाली दोनों बसें हाथरस शहर से होकर गुजरेंगी, जिससे स्थानीय यात्रियों को भी आधुनिक और आरामदायक यात्रा का लाभ मिलेगा। खासतौर पर गर्मियों के मौसम में एसी बस सेवा शुरू होने से सफर पहले के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगा। पिछले कई दिनों से इन बसों का संचालन ट्रायल के तौर पर किया जा रहा है। ट्रायल सफल रहने के बाद अब परिवहन विभाग की ओर से नियमित समय सारिणी तैयार की जा रही है। क्षेत्रीय प्रबंधक अलीगढ़ सतेंद्र वर्मा ने बताया कि समय सारिणी जारी होते ही बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
आगरा-अलीगढ़ के बीच इलेक्ट्रॉनिक बस सेवा शुरू होना अच्छी पहल है। इससे हम जैसे यात्रियों को काफी सहूलियत मिलेगी। विशेष तौर पर गर्मियों के मौसम में इन बसों का सफर आरामदायक रहेगा-मनोज वर्मा, स्थानीय निवासी
इलेक्ट्रॉनिक बसों के संचालन का काफी समय से इंतजार था। यह बसें प्रदूषण नहीं फैलती हैं। बस के अंदर भी धूल और धुंआ का एहसास नहीं होगा। यात्रा आरामदायक होगी।– महिप कुमार, स्थानीय निवासी
हाथरस डिपो के पास नहीं एक भी एसी बस
करीब दो साल पहले तक हाथरस डिपो के पास दो एसी बसें थीं, लेकिन यहां मरम्मत का इंतजाम न होने के चलते इनको अलीगढ़ के सुपुर्द कर दिया गया। अब लंबी दूरी की एसी बसें हाथरस शहर से होकर नहीं गुजरतीं। इस कारण हाथरस वालों को एसी बसों का लाभ नहीं मिल पा रहा, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक बसों के संचालन से एक बार फिर शहर के भीतर से भी यात्रियों को एसी बस में सफर करने का मौका मिल पाएगा।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.