फाजिल्का जिले के अबोहर के गोविंदगढ़ गांव में देर शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार नाजिम की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा विजयदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दो कारों और एक मोटरसाइकिल की भिड़ंत से हुआ। हादसे के बाद दोनों को तुरंत अबोहर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने नाजिम को मृत घोषित कर दिया और उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। गंभीर रूप से घायल विजयदीप को प्राथमिक उपचार के बाद उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और इसमें शामिल वाहनों व व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। मृतक नाजिम दो छोटे बच्चों के पिता थे और मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि नाजिम सब्जी लेने गए थे और लौटते समय यह हादसा हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने हादसे के लिए जिम्मेदार कार ड्राइवर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं मौके से दोनों कार ड्राइवर अपनी-अपनी गाड़ियां छोड़ कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों कारों को कब्जे में ले लिया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.