दुर्ग शहर के पुलगांव चौक पर शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। सुबह करीब 7 बजे काम पर जा रही महिला को ट्रक ने रौंद दिया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद चौक पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित भी हुआ था।
मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। मृतका की पहचान कोल्हापुरी निवासी उत्तरा (50 साल) के रूप में हुई है। वह केपीएस स्कूल में सफाई कर्मचारी के तौर पर कार्यरत थीं। उत्तरा रोज की तरह सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थीं।
कोल्हापुरी निवासी उत्तरा की सड़क हादसे में मौत हो गई।
शव बुरी तरह क्षत-विक्षत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हादसा पुलगांव चौक पर तब हुआ जब राजनांदगांव की ओर से आ रहा एक ट्रक बालोद की दिशा में मुड़ रहा था। इसी दौरान ट्रक ने महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलगांव थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है।

इस रोड में पहले भी हो चुके है हादसे
यह पुलगांव चौक पर हुई पहली घटना नहीं है। यह चौक पहले भी कई सड़क हादसों का गवाह रहा है। क्षेत्र में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही और यातायात नियंत्रण की कमी को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल फिर से उठने लगे हैं।
उत्तरा की मौत की खबर से उनके परिवार में शोक का माहौल है। परिवार का कहना है कि उत्तरा ही उनके घर की रोजी-रोटी का मुख्य जरिया थीं।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.