औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ एनएच-139 पर आज एक सड़क हादसा होते-होते टल गया। अपर समाहर्ता (आपदा) पदाधिकारी उपेंद्र पंडित की स्कॉर्पियो में एक बेकाबू और तेज रफ्तार हाईवा ने जोरदार टक्कर मार दी। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भरथौली गांव के पास की है।
हादसे में सुरक्षा गार्ड और चालक को हल्की चोटें आईं। अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित दाउदनगर क्षेत्र में निरीक्षण काम खत्म कर वापस औरंगाबाद लौट रहे थे। जिले में इन दिनों फार्मर रजिस्ट्री और ई-केवाईसी को लेकर लगाए जा रहे शिविरों की निगरानी का जिम्मा वरीय पदाधिकारियों को सौंपा गया है। इसी क्रम में निरीक्षण के बाद लौटते समय भरथौली शरीफ के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी।
स्कॉर्पियो चालक मो. खलील अंसारी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत गाड़ी को सड़क के नीचे उतार दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यदि चालक समय रहते संतुलन नहीं संभालता, तो जान-माल की बड़ी क्षति हो सकती थी। इस घटना में सुरक्षा गार्ड प्रियम कुमार और चालक को हल्की चोटें आईं, जिनका इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।
घटना के बाद हाइवा का ड्राइवर फरार
हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना और जम्होर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त सरकारी गाड़ी को सड़क से हटवाया और करीब 15 मिनट बाद यातायात को सामान्य कराया।
इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे दुर्घटना में जख्मी चालक व गार्ड।
सड़क के दोनों ओर गाड़ी की लंबी कतार लग गई थी। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।
वहीं अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित ने बताया कि दाउदनगर से लौटते समय यह हादसा हुआ, लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से सभी सुरक्षित हैं। कोई बड़ी घटना नहीं घटी, हालांकि सरकारी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.