बताया जा रहा है कि ग्राम मखरा, जो सीधे पन्ना टाइगर रिजर्व की सीमा से लगा हुआ है, वहां बीते कुछ दिनों से बाघिन का मूवमेंट देखा जा रहा था। इसी कड़ी में देर रात या तड़के बाघिन ने गांव के पास चर रही एक गाय को अपना शिकार बना लिया। सुबह जब ग्रामीणों ने घटना स्थल पर गाय के अवशेष देखे, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
वन विभाग ने किया सुरक्षा के इंतजाम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने तत्काल सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शुरू कर दिए हैं। मौके पर वन विभाग की विशेष टीम तैनात की गई है, जो बाघिन की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसके साथ ही ड्रोन कैमरे की मदद भी ली जा रही है, ताकि बाघिन के मूवमेंट को दूर से ट्रैक किया जा सके और किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें- आपत्तिजनक वीडियो के बाद दामजीपुरा में तनाव, तोड़फोड़ और आगजनी, आरोपी हिरासत में
वन विभाग द्वारा जिस स्थान पर गाय का शिकार किया गया है, वहां नाइट विजन कैमरे भी लगाए गए हैं। इन कैमरों के जरिए रात के समय होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि बाघिन किस दिशा में मूव कर रही है और क्या वह दोबारा गांव की ओर आने की कोशिश कर रही है या नहीं। अधिकारियों का कहना है कि तकनीक की मदद से बाघिन के मूवमेंट की सटीक जानकारी मिल रही है, जिससे आगे की रणनीति तय करना आसान होगा।
वन विभाग ने की लोगों से अपील
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात के समय घरों से बाहर न निकलें, मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर बांधें और जंगल की ओर अकेले जाने से बचें। साथ ही किसी भी तरह की बाघिन की गतिविधि दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। फिलहाल वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारियों का कहना है कि बाघिन को उसके प्राकृतिक क्षेत्र की ओर सुरक्षित तरीके से मूव कराने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि इंसान और वन्यजीव के बीच टकराव की स्थिति न बने।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.