बांका के रजौन थाना क्षेत्र में एक 17 वर्षीय किशोरी ने गांव के ही एक युवक पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान 28 वर्षीय एनके यादव के रूप में हुई
किशोरी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब वह बुधवार की संध्या शौच के लिए बहियार गई हुई थी। वहां पहले से घात लगाए बैठे एनके यादव ने उसे जबरदस्ती पकड़ लिया। जब किशोरी ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ छेड़खानी की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। गुरुवार को किशोरी को पुलिस द्वारा न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
आरोपी के खिलाफ कराया FIR
घटना के बाद किशोरी घर पहुंची और अपनी आपबीती माता-पिता को बताई। इसके बाद, पीड़िता अपने माता-पिता के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ छेड़खानी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए किशोरी से पूछताछ की और गुरुवार को उसका बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया।
घर छोड़कर आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल, आरोपी एनके यादव घटना के बाद से ही घर छोड़कर फरार है। मामले की जांच एसआई जया भारती द्वारा की जा रही है, जो किशोरी का फर्द बयान लेकर न्यायालय गई थीं। थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.