धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सत्यम नगर स्थित धनबाद-बरवाअड्डा मुख्य सड़क पर एक बेकाबू कार ने सड़क किनारे खड़े 25 वर्षीय युवक और एक महिला को कुचल दिया।
हादसे में युवक रफीक अंसारी समेत दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उस वक्त हुई, जब दोनों बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। अचानक तेज गति से आ रही कार का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे दोनों को अपनी चपेट में लेती चली गई।
टक्कर के बाद बिजली के पोल से जा भिड़ी कार
टक्कर के बाद बिजली के पोल से जा भिड़ी कार
हादसे के बाद कार पूरी तरह अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। वाहन की टक्कर से महिला और युवक कई फीट दूर जा गिरे। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हादसा हो चुका था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचे घायल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवीय पहल दिखाते हुए दोनों घायलों को सड़क से उठाया और एंबुलेंस बुलाकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है। घायलों के परिजनों का कहना है कि कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।
कार जब्त, चालक की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर थाने ले गई। जब्त वाहन का नंबर JH10CW-2386 है। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि चालक की पहचान कर जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार किया जा सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.