जिले के रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व की बूंदी रेंज के खटकड़ क्षेत्र में एक पैंथर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रथम दृष्टया पैंथर की मौत बीमारी के चलते होना प्रतीत हो रही है। हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ग्रामीणों ने वन अधिकारियों को पैंथर के घायल अवस्था में होने की सूचना दी थी, जिस पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी।
डीएफओ अरुण कुमार ने बताया कि खटकड़ इलाके में पैंथर के असामान्य व्यवहार और सही मूवमेंट नहीं कर पाने की सूचना पर वन विभाग ने पैंथर की निगरानी के लिए टीम भेजी थी। वहां इलाज के उद्देश्य से पैंथर को ट्रेंकुलाइज करने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान ट्रेंकुलाइज की प्रक्रिया में जुटी टीम को पैंथर झाड़ियों में मृत अवस्था में पड़ा मिला। वन विभाग ने मौके से पैंथर को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू की।
ये भी पढ़ें- नव वर्ष पर अजमेर में पुलिस का सख्त पहरा, हुड़दंगियों को चेतावनी, शहर में पैदल मार्च
डीएफओ अरुण कुमार ने बताया कि पैंथर के शरीर पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि पैंथर का पोस्टमार्टम बूंदी वन विभाग की हनुमंत वाटिका में मेडिकल बोर्ड द्वारा कराया गया है, ताकि किसी भी तरह की आशंका को दूर किया जा सके। इन्होंने बताया कि क्षेत्र में वन्य जीवों की निगरानी और सुरक्षा को लेकर विभाग पूरी तरह से गंभीर है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण सामने आने पर नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।
पैंथर की बड़ी संख्या है विषधारी टाइगर रिजर्व में
रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पैंथरों की अच्छी-खासी संख्या मौजूद है। रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व क्षेत्र वन्य जीवों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में एक पैंथर की संदिग्ध मौत से वन्यजीव प्रेमी और पर्यावरण से जुड़े लोग निराश है। अभी पिछले दिनों ही रिजर्व क्षेत्र में पैंथरों के फंदे में फंसने जैसी घटनाएं भी सामने आई थी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.