उदयपुर-बांसवाड़ा रोड पर झल्लारा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। बांसवाड़ा से उदयपुर जा रही आशापुरा ट्रैवल्स की ‘मुल्तानी सोना’ स्लीपर कोच बस गरडा गांव के पास सुबह करीब 6 बजे अचानक आग की चपेट में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस चलते-चलते आग का गोला बन गई, जिससे यात्रियों में अफरातफरी मच गई।
ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि बस में अचानक धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ड्राइवर ने तुरंत बस को सड़क किनारे रोक दिया। बस में सवार ड्राइवर, क्लीनर सहित कुल 5 यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग इतनी फैल गई कि पूरी बस जल गई और केवल लोहे का ढांचा शेष रह गया।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही झल्लारा थाना अधिकारी जय किशन फुलवारिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने हाईवे पर यातायात रुकवा दिया। आग की तीव्रता को देखते हुए सलूंबर से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया, जिसने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
डेढ़ से दो घंटे तक लगा जाम
हादसे के कारण बांसवाड़ा-उदयपुर मार्ग पर करीब डेढ़ से दो घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.