दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में लालबाग क्षेत्र में एक मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, 50 वर्षीय व्यक्ति की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब मृतक ने घर के बाहर गाली-गलौज कर रहे नाबालिगों को टोका था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह के अनुसार, मृतक की पहचान बिहारी लाल के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे और परिवार के साथ ए ब्लॉक लालबाग में रहते थे। घटना बृहस्पतिवार की रात की है। दो लड़के बिहारी लाल के घर के पास खड़े होकर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे थे। बिहारी लाल ने उन्हें डांटते हुए वहां से चले जाने के लिए कहा। इस बात से नाराज दोनों लड़के उग्र हो गए और उन्होंने बिहारी लाल को धक्का दिया। इसी दौरान, नाबालिग आरोपी ने बिहारी लाल पर चाकू से हमला कर दिया।
परिजनों ने घायल बिहारी लाल को तुरंत पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। प्राथमिक पूछताछ के आधार पर, पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उसकी निशानदेही पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पकड़े गए नाबालिग से पूछताछ की जा रही है और उसके साथी की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.