अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अंकुर विहार थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी का रहने वाला सुव्हान है। पुलिस के अनुसार आरोपी सुव्हान कॉलोनी में ही संचालित अपने भाई के मेडिकल स्टोर पर काम करता है।
15 जनवरी को वह अमृतसर घूमने गया था। इस दौरान उसकी एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। वीडियो में युवक गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में कुल्ला करता दिखाई दे रहा था। इसके बाद सिक्ख समुदाय के लोगों ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए पुलिस से शिकायत की थी। साथ ही जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया था।
एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय ने बताया आरोपी को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर एसीपी कोर्ट में पेश किया गया और जेल भेज दिया गया है। युवक के खिलाफ फिलहाल कोई प्राथमिकी कहीं दर्ज नहीं है।
एसजीपीसी करेगी युवक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई
सच्चखंड श्री दरबार साहिब की पवित्र मर्यादा का उल्लंघन करने के मामले में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) ने सख्त रुख अपनाते हुए युवक सुव्हान के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने का फैसला लिया है। एसजीपीसी ने अमृतसर पुलिस कमिश्नर को लिखित शिकायत देकर मामला दर्ज करने की अपील की है।
एसजीपीसी के कानूनी सलाहकार अमरबीर सिंह सियाली ने बताया कि इस संवेदनशील मामले की कई दिनों तक गहन जांच की गई, जो अब पूरी हो चुकी है। जांच में सामने आया है कि युवक की नीयत श्रद्धा के साथ माथा टेकने की नहीं थी और उसकी गतिविधियां सिख मर्यादा के अनुरूप नहीं पाई गईं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से मांगी गई माफी सिख मर्यादा के अनुसार स्वीकार्य नहीं है। एसजीपी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी घटनाएं संगत की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाती हैं, इसलिए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.