मुजफ्फरपुर में नए साल की शुरुआत लोगों ने पूजा अर्चना से की। उत्तर बिहार के देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गुरुवार सुबह से ही मंदिर परिसर से लेकर सरैयागंज टावर चौक तक करीब 2 किलोमीटर लंबी कतार में शिवभक्त बाबा
नए साल के मौके पर मंदिर में करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुबह 3 बजे महासिंगार के बाद मंदिर का पट भक्तों के लिए खोल दिया। ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु कतार में लगे रहे। मंदिर परिसर में “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में तब्दील हो गया।
गरीबनाथ मंदिर में साल के पहले दिन पहुंचे श्रद्धालुओं की 3 तस्वीरें
मंदिर के गेट पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटी रही।

मंदिर के गर्भगृह के बाहर पहुंची भीड़ को मंदिर प्रशासन के लोगों ने बखूबी मैनेज किया।

मंदिर के अंदर श्रद्धालुओं ने पहुंचकर बाबा गरीबनाथ को जलार्पण किया और सुख समृद्धि की कामना की।
मंदिर के पुजारी बोले- दोपहर में 2 घंटे के लिए बंद रहेगा पट
मंदिर के पुजारी पंडित अभिषेक पाठक ने बताया कि नए साल के कारण शिवभक्तों की संख्या सामान्य दिनों से कई गुना अधिक है। उन्होंने कहा कि मंदिर का पट दोपहर 12 बजे तक खुला रहेगा, इसके बाद करीब दो घंटे के लिए बंद किया जाएगा और फिर दोपहर 2 बजे से देर रात तक दर्शन की व्यवस्था रहेगी।
अनुमान है कि पूरे दिन में लगभग एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा गरीबनाथ के दर्शन करेंगे। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस बल के साथ स्थानीय सेवा दल के करीब 100 स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है।
सीसीटीवी के जरिए की जा रही निगरानी, प्रशासन की टीम भी पूरी तरह अलर्ट
कतार व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। स्थानीय वार्ड संख्या 21 के पार्षद के. पी. पप्पू ने बताया कि नए साल के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर विशेष तैयारी की गई है। उन्होंने कहा कि सफाई, रोशनी, पेयजल और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
वहीं, भीड़ नियंत्रण की कमान नगर डीएसपी-1 सुरेश कुमार ने स्वयं संभाल रखी है। डीएसपी सुरेश कुमार ने बताया कि नए साल के कारण मंदिर में काफी भीड़ है और लगातार हालात पर नजर रखी जा रही है।

मंदिर के बाहर मौजूद श्रद्धालु हर-हर महादेव का उद्घोष करते नजर आए।
पुलिस बल को अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से दर्शन कर सकें।बाबा गरीबनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे बैरिया निवासी नितिन कुमार और ऋषव कुमार ने बताया कि वे नए साल की शुरुआत बाबा भोलेनाथ के दर्शन से कर रहे हैं।
उनका कहना है कि बाबा गरीबनाथ के दर्शन से पूरे साल सुख, शांति और समृद्धि बनी रहती है।नए साल के मौके पर बाबा गरीबनाथ धाम में उमड़ी यह भारी भीड़ एक बार फिर लोगों की गहरी आस्था और विश्वास को दर्शाती है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें, कतार में रहकर दर्शन करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, ताकि सभी को सुगमता से बाबा भोलेनाथ के दर्शन का अवसर मिल सके।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.