परिवार वालों के गुरुग्राम पहुंचने पर होगा पोस्टमार्टम व आगामी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-28 स्थित एक निर्माणाधीन इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सेक्टर-29 थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के परिवार वालों को सूचना दे दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी सद्दाम के रूप में हुई है। वह सेक्टर-28 स्थित एक निर्माणाधीन इमारत में मजदूरी कर रहा था। सेक्टर-29 थाने की पुलिस को सोमवार की दोपहर बाद करीब 3 बजे सद्दाम के 14वीं मंजिल से गिरने के बारे में सूचना मिली थी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कराकर शव को मोर्चरी में पहुंचाया। पुलिस ने इमारत में काम कर रहे अन्य मजदूरों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस घटनास्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की जांच कर रही और निर्माण करने वाली एजेंसी से जुड़े लोगों से भी मामले में पूछताछ की जा रही है।
—-
जांच अधिकारी एएसआई सतीश ने बताया कि मृतक सद्दाम के परिवार वालों के पश्चिम बंगाल से गुरुग्राम आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। परिवार वालों के बयान व पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from India News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.